हल्द्वानी: शहर के एक ऑटो चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है. घर की दहलीज पर बेटी की बारात आ गई , लेकिन दुल्हन के गहने गायब हो गए। जेवरात गायब होने पर पूरे घर में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पल भर में काफूर हो गईं। हंगामे के बीच अचानक माहौल बदल गया जब एक ऑटो चालक जेवरात का बैग लेकर मंडप में पहुंच गया। बैग देख शादी वाले घर में सबके चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

मामला नैनीताल जिले के हल्द्वानी का है, जहां इस तरह की ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले एक ऑटो चालक की हर कोई तारीफ कर रहा है. दरअसल, हल्द्वानी के मुखानी में शुक्रवार को शादी थी, दुल्हन के परिवार वाले 6 लाख रुपए के आभूषण खरीद कर ऑटो से बैंक्वेट हॉल पहुंचे, लेकिन ज्वैलरी बैग ऑटो में ही भूल गए. इस दौरान ऑटो चालक कीर्ति बल्लभ जोशी ऑटो लेकर अपने घर चला गया, जिसके बाद लंच करने के बाद ऑटो के पीछे देखा तो एक बैग दिखाई दिया, जिसमें जेवरात और ₹50000 कैश भरा हुआ था. करीब 2 घंटे के बाद कीर्ति बल्लभ जोशी ऑटो को बैग समेत लेकर सीधे बैंक्वेट हॉल के अंदर पहुंचे, जहां शादी हो रही थी.

लेकिन दुल्हन के परिजनों के चेहरों पर मायूसी थी, इस दौरान जब परिजनों ने ऑटो चालक के हाथ में जेवरों का बैग देखा तो उनके चेहरे पर खुशी लौट आई और ऑटो चालक ने गहनों से भरा बैग वधू पक्ष के हवाले कर दिया। इसके बाद फिर क्या हुआ लोगों ने ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले ऑटो चालक कीर्ति बल्लभ जोशी को न सिर्फ गले लगाया बल्कि इनाम देने के लिए दोनों पक्षों के रिश्तेदार भी आगे आए. लेकिन उसने इनाम लेने से साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद उन्होंने दुल्हन को आशीर्वाद दिया।

जहां दुल्हन पक्ष के लोगों ने कृति बल्लभ का फूल मालाओं से स्वागत किया. मूल रूप से बागेश्वर के रहने वाले ऑटो चालक कीर्ति बल्लभ जोशी हल्द्वानी में किराए पर रहते हैं। शहर में जगह-जगह उसकी ईमानदारी की चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि बारात मुखानी के एक बैंक्वेट हॉल में आई थी, जहां बारात गुजरात से हल्द्वानी पहुंची थी.