हरिद्वार: पुलिस के लाख दावों के बावजूद हरिद्वार में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. उत्तर हरिद्वार क्षेत्र में दो युवकों ने एक बुजुर्ग महिला को सम्मोहित कर सोने की चेन छीन ली। पुलिस ने कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसके बाद भी आरोपितों का सुराग नहीं लग सका। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
उत्तर हरिद्वार अंचल में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला किसी काम से गैस एजेंसी गई हुई थी। रास्ते में उसे दो युवक मिले। युवकों ने वृद्धा को बातों में उलझा लिया। जिसके बाद महिला ने खुद ही गले से उतारकर सोने की चेन उन्हें सौंप दी . चेन पाकर दोनों युवक भागने में सफल रहे। कुछ देर बाद जब बुजुर्ग महिला वापस लौटी तो देखा कि उसके गले में चेन तो नहीं है।

महिला ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन आनन-फानन में खड़खड़ी चौकी पहुंचे। पुलिस ने बुजुर्ग महिला को साथ लेकर आसपास के इलाके में तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। सीसीटीवी कैमरे में दो युवकों के चेहरे कैद हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। खरखड़ी चौकी प्रभारी विजेंद्र सिंह कुमाई ने बताया कि युवकों की तलाश की जा रही है. पीड़ित पक्ष ने अभी लिखित शिकायत नहीं की है।

