देहरादून : शुक्रवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्थित दून विश्वविद्यालय में डॉ. अंबेडकर चेयर की स्थापना का शुभारंभ किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य शुभारंभ के लिए पहुंचीं थीं। इसके साथ ही इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। इस दौरान राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कोविड काल में अनाथ हुए बच्चों के लिए एक बड़ी सौगात दी है। राज्यपाल ने कहा कि देहरादून के दून विश्वविद्यालय में समस्त पाठ्यक्रमों में कोविड काल के दौरान अनाथ हुए बच्चों के लिए सीट आरक्षित होगी। साथ ही ऐसे छात्र-छात्राओं को सरकार की ओर से निशुल्क शिक्षा दी जाएगी।

प्रदेश सरकार खोलेगी स्वरोजगार के द्वार : धामी
इस कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार 10 लाख लोगों के लिए स्वरोजगार के द्वार खोलेगी। इसके लिए जल्द कार्य योजना तैयार होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सरकारी नौकरियों में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्वरोजगार को लेकर भी सरकार की ओर से कार्य योजना तैयार की जा रही है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को केदारनाथ दौरे पर जाने वाले थे। लेकिन खराब मौसम की वजह से उनका दौरा रद्द कर दिया गया। उनका हेलीकॉप्टर देहरादून से रवाना हुआ था, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से उन्हें लौटना पड़ा।