राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने प्रदेशवासियों को विशेषकर ईसाई समुदाय को ’क्रिसमस’ पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना करते हुए राज्यपाल ने कहा है ईसा मसीह के जन्मोत्सव का पर्व क्रिसमस समाज को प्रेम, आपसी भाईचारे और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने आशा की कि उमंग व उत्साह का यह त्यौहार सभी के जीवन में खुशियां लेकर आए। उन्होंने कोविड-19 के प्रति जागरूक एवं सतर्क रहकर सभी सावधानियों के साथ क्रिसमस पर्व मनाने की अपील की है।

राज्यपाल ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली जी को इतिहास में पेशावर कांड के नायक के रूप में सदैव याद किया जाता रहेगा। उन्होंने अदम्य साहस और दृढ़ता का परिचय देते हुए पेशावर में भारत की आजादी के लिये लड़ने वाले निहत्थे पठानों पर गोली चलाने से मना कर दिया, जोकि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के आन्दोलन में महत्वपूर्ण घटना सिद्ध हुई। स्व. गढ़वाली प्रदेश एवं देश के युवाओं के लिये सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।



