देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को वर्ष 2019-20 और एथलेटिक्स खिलाड़ी चंदन सिंह को वर्ष 2020-21 के लिए देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार शुक्रवार को देहरादून स्थित नवीन बहुद्देशीय क्रीड़ा भवन, परेड ग्राउण्ड में खेल विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दिया गया । देवभूमि उत्तराखण्ड द्रोणाचार्य पुरस्कार वर्ष 2019-20 के लिए बैडमिन्टन प्रशिक्षक धीरेन्द्र कुमार सेन, वर्ष 2020-21 के लिए ताईक्वांडो प्रशिक्षक कमलेश कुमार तिवारी, एवं वर्ष 2021- 22 के लिए तीरंदाजी प्रशिक्षक संदीप कुमार डुकलान को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

साथ ही खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिए जाने पर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार वर्ष 2021-22 से एथलेटिक्स खिलाड़ी सुरेश चन्द्र पाण्डे को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 168 राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों और 42 कोचों को वर्ष 2021 और 2022 के लिए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. खिलाड़ियों और कोचों को कुल 2.08 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर एवं पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। जब कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलता है तो उससे पूरे देश की भावनाएं जुड़ी होती हैं। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य में “मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना” प्रारंभ की गई है।प्रदेश के कुल 3900 नवोदित खिलाड़ियों को मिलाकर प्रत्येक जिले में 150 लड़के और 150 लड़कियों को खेल छात्रवृत्ति दी जा रही है। सरकारी नौकरियों में खेल कोटे को फिर से शामिल करने का भी फैसला किया गया है। नई खेल नीति में खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत, शक्तिशाली भारत और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है. खेल के क्षेत्र में भी भारत का मान बढ़ रहा है, आज दुनिया में जहां कहीं भी खेल का मैदान है भारत का तिरंगा गर्व से लहराता हुआ नजर आता है। प्रधानमंत्री ने देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई नई पहलें शुरू की हैं।

खेलो इंडिया कार्यक्रम इस विचार का सबसे अच्छा उदाहरण है।आज देश में हर स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जब हम अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसकी ओर बढ़ते हैं तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को 2025 तक देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है, इसके लिए इस क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक साल में खेल के क्षेत्र में कई फैसले लिये हैं. प्रदेश में नई खेल नीति बनाई गई है, जिसमें खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। खेल नीति में पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है।मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत प्रदेश के 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 3900 बच्चों को 1500 रुपये प्रतिमाह की राशि दी जा रही है। उत्तराखंड 2024 में 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अभिनव कुमार, निदेशक खेल जितेन्द्र कुमार सोनकर उपस्थित थे.

राहुल गांधी: राहुल गांधी का संसदीय कार्यकाल खत्म, मोदी के सरनेम पर टिप्पणी करने पर उन्हें कल दो साल की सजा सुनाई गई.