रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में अब तक तेज गेंदबाज आवेश खान का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। मध्य प्रदेश की ओर से खेल रहे आवेश ने क्वार्टर फाइनल मैच में आंध्र के खिलाफ टीम की 5 विकेट से जीत में अहम भूमिका निभाई थी. मध्य प्रदेश की टीम पहली पारी में आंध्र के स्कोर से 151 रन पीछे थी। इसके बाद आवेश ने आंध्र की दूसरी पारी में 4 विकेट लिए, जिससे आंध्र की टीम महज 93 रन पर ढेर हो गई। आवेश ने इस रणजी सीजन में अब तक 7 मैचों में 36 विकेट लिए हैं।
अपने शानदार प्रदर्शन पर आवेश खान ने मैच के बाद कहा कि तीसरे दिन के खेल के दौरान हमारा सत्र लंबा चला और पंडित सर ने साफ कर दिया कि अगर हमें चैम्पियन टीम की तरह खेलना है तो हमें विपक्षी टीम को 100 रनों के भीतर ही समेटना होगा। इसलिए हमें 250 तक ही लक्ष्य का पीछा करना है। हम ऐसा करना चाहते थे और मुझे बहुत खुशी है कि हम अपने प्लान में सफल रहे।


भारतीय टीम में वापसी के बारे में पूछे जाने पर आवेश खान ने कहा कि मैं दो बार टीम से अंदर और बाहर हो चुका हूं। लोगों ने अनुमान लगाया कि मैं अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा था, क्योंकि मैं कुछ मौकों पर बहुत महंगा साबित हुआ था। लेकिन आज के क्रिकेट में 10 में से 6 बार एक गेंदबाज का दिन खराब हो सकता है. मैं इसके बारे में किसी भी तरह से शिकायत नहीं कर रहा हूं लेकिन यह सच्चाई है।अब मैंने इन सब चीजों को पीछे छोड़कर वर्तमान में जीने का फैसला किया है। जब भी सिलेक्शन होगा, होगा क्योंकि परफॉरमेंस मेरे हाथ में है सिलेक्शन नहीं और इसलिए मैंने इन सब चीजों के बारे में सोचना बंद कर दिया।
मैं भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता हूं
आवेश खान ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक भारत के लिए 15 टी-20 और 5 वनडे खेले हैं, जिसमें दोनों प्रारूपों में कुल 16 विकेट लिए हैं। आवेश ने इस रणजी सत्र में शानदार प्रदर्शन के बाद कहा कि उनका लक्ष्य भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है।
खान ने कहा कि मैंने भारत के लिए सीमित ओवरों का क्रिकेट खेला है, अब मेरा लक्ष्य भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह पक्की करना है और मैं इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं. मैं रणजी में मध्य प्रदेश के लिए खेलकर अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करना चाहता हूं ताकि मैं टीम को आगे ले जा सकूं और आंध्र के खिलाफ यह जीत टीम प्रयास है।

