वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने से झीलों की नगरी नैनीताल और पहाड़ों की रानी मसूरी की रौनक बढ़ गई है। शनिवार को देर शाम तक पर्यटकों की आवाजाही बनी रही। खुशनुमा मौसम ने पर्यटकों को अपनी ओर खींचा।

नैनीताल और मसूरी में क्रिसमस और थर्टी फर्स्ट के लिए होटलों में बुकिंग बढ़ रही है। मसूरी में 27 से शुरू हो रहे विंटर कार्निवाल को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

नैनीताल और मसूरी में पर्यटकों का आगमन शुक्रवार शाम से ही शुरू हो गया। दो दिन में हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। रविवार को भी दिन में पर्यटक अधिक आएंगे। इस दौरान पर्यटन स्थलों पर चहल-पहल रही।

नैनीताल में हिमालय दर्शन, केव गार्डन, चिड़ियाघर, सरिताताल, स्नोव्यू व वाटर फाल में खासी भीड़ देखी गई. नैनी झील में नौका विहार करने वालों की भीड़ लगी रही। इससे पार्किंग स्थल फुल हो गए और वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए।

मसूरी में भी माल रोड, कंपनी बाग, लाल टिब्बा, जार्ज एवरेस्ट पर्यटकों से गुलजार रहे। मसूरी में नए साल के लिए होटलों में 40 फीसदी से ज्यादा एडवांस बुकिंग हो चुकी है।