विकासनगर : गेट बाजार त्यूणी के पास लगी भीषण आग की घटना में 4 मासूम बच्चियों की मौत हो गयी. तहसील स्तर पर सरकारी व्यवस्था व आपदा प्रबंधन की अपर्याप्त व्यवस्था से खफा पूर्व नेता प्रतिपक्ष चकराता विधायक प्रीतम सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग त्यूणी-चकराता हाईवे पर गेट बाजार त्यूणी के तिराए में सड़क धरने पर बैठ गए ।
उधर, जिलाधिकारी सोनिका व डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिलीप कुंवर ने धरना स्थल पर पहुंचकर क्षेत्र के लोगों के साथ धरने पर बैठे पूर्व नेता प्रतिपक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह से बातचीत की. कल आग की भीषण घटना से अफरातफरी मच गई थी ।
डीआईजी व डीएम ने विधायक व आक्रोशित ग्रामीणों को किसी तरह समझाकर शांत कराया. जिला प्रशासन ने इस मामले में लापरवाही बरतने वाले दोषी अधिकारियों व पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया और पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया और जाम खुलवाया.
आक्रोशित ग्रामीणों ने आपदा के दौरान पुलिस-प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की. आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि घर में आग लगने की सूचना के काफी देर बाद दमकल की गाड़ी बिना तैयारी के मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड में तैनात पुलिसकर्मी नशे में थे और फायर ब्रिगेड की गाड़ी में पानी कम चल रहा था.
थाना पुलिस ने नशे की हालत में सूचना के काफी देर बाद पहुंचे दमकल कर्मियों का मेडिकल कराने के बजाय उनका बचाव किया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम कर लापरवाह दमकल कर्मियों व पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन को पुख्ता करने और सरकारी अस्पताल त्यूणी में चिकित्सा सुविधा की मांग की. प्रदर्शनकारियों में चकराता प्रखंड प्रमुख निधि राणा सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि शामिल हैं.
त्यूनी अग्निकांड : सीएम ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता देने का किया ऐलान, नायब तहसीलदार निलंबित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्यूनी अग्निकांड के पीड़ित परिवारों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। वहीं बचाव कार्य में लापरवाही बरतने पर उप तहसीलदार को जिलाधिकारी ने निलंबित कर दिया है. इसके अलावा दमकल विभाग के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।

