देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में इस बार 80 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को पोस्टल बैलेट के जरिए घर बैठे वोट देने का अधिकार दिया जा रहा है. जिसके तहत नैनीताल जिले में 11014 वृद्ध मतदाता पोस्टल बैलेट से मतदान करेंगे। 5291 दिव्यांग मतदाता भी इसी तरह अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिले में मतदान को लेकर जिला प्रशासन ने युद्धस्तर पर तैयारी शुरू कर दी है. राज्य में पहली बार वरिष्ठ नागरिकों को पोस्टल बैलेट से वोट देने का अधिकार दिया गया है. जिसके लिए जिला निर्वाचन विभाग तैयारी कर रहा है।
डाक मतपत्र प्राप्त करने के लिए मतदाता को फॉर्म 12-डी भरना होगा। यह फॉर्म वरिष्ठ नागरिकों को बीएलओ के माध्यम से घर बैठे उपलब्ध कराया जाएगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि अब तक 5291 दिव्यांग मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज है. यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहती है। करीब 300 और नाम दर्ज होने की उम्मीद है। सेवा मतदाताओं को पहले से ही डाक मतपत्र द्वारा मतदान करने का अधिकार है। इस बार जिले के 5423 सर्विस वोटर पोस्टल बैलेट से मतदान करेंगे।
वेबसाइट में नाम दर्ज कर मतदाता बनें
जिले में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया अभी भी जारी है। आप केंद्रीय चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं और उसे सही करवा सकते हैं। वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए आप अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। आप अपना नाम मतदाता सूची में मतदान की अधिसूचना तक या नामांकन प्रक्रिया से एक सप्ताह पहले तक दर्ज करा सकते हैं।
टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल करें
प्रकाश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में कंट्रोल रूम बनाया गया है. यह कंट्रोल रूम चुनाव तक सक्रिय रहेगा। नैनीताल जिले के टोल फ्री नंबर 05946-1950 पर मतदाता सूची, मतदाता पहचान पत्र और चुनाव संबंधी कोई भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

