चकराता , PAHAAD NEWS TEAM

सीमावर्ती बंगाण क्षेत्र की ग्रामीण महिलाएं समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए एकजुट हो रही हैं। इसकी पहल आराकोट न्याय पंचायत से जुड़ी पावली-किरोली पंचायत की जागरूक महिलाओं ने की है। महिला संगठन ने एकजुटता के साथ नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण दूषित हो रहे समाज को बचाने की मुहिम छेड़ी है।

जौनसार-बावर की त्यूणी तहसील से सटे सीमावर्ती बंगाण क्षेत्र में पावली पंचायत की ग्रामीण महिलाओं ने नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए किरौली में बैठक की । इसकी अध्यक्षता पावली पंचायत की मुखिया प्रमिला ने की। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं ने सीमांत क्षेत्र में चल रहे नशे के अवैध मादक पदार्थों के व्यापार को रोकने की रणनीति पर चर्चा की और एक रणनीति बनाई। महिला संगठन का नेतृत्व कर रही प्रधान प्रमिला ने कहा कि इलाके के कुछ लोग चुपके से कच्ची शराब बनाकर अवैध कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज में तेजी से बढ़ रहे नशे के कारण कई ग्रामीण परिवारों और युवाओं का भविष्य भी बर्बाद हो रहा है। सरस्वती माता सेवा सहायता समूह और एकता सेवा सहायता समूह किरोली से जुड़ी कई महिलाओं ने भी अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने वाले और नशे की तस्करी में शामिल संदिग्धों का पता लगाने के लिए राजस्व पुलिस भूटाणु-ठडियार से भी समर्थन मांगा है। महिला संगठन ने पुलिस-प्रशासन और स्थानीय जन प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की है। बैठक में सुषमा, सरोज देवी, तमन्ना चौहान, अर्जुनी देवी, गुड्डी देवी, रीना देवी, पिकी देवी, मीरा, कमला, उर्मिला, कला देवी, नारायणी देवी, उमा देवी और कई अन्य महिलाओं ने भाग लिया।