उत्तराखंड : बीजेपी मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के जन्मदिन 16 सितंबर को पूरे राज्य में संकल्प दिवस के रूप में मनाएगी. वहीं, अगले दिन सेवा पखवाड़ा के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी. भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी और प्रधानमंत्री मोदी राज्य को 25 साल पूरे होने तक उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने के विजन के साथ काम कर रहे हैं. उनके कार्यों ने लोगों के मन में राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का विश्वास भी जगाया है।

उन्होंने कहा कि चाहे सरलीकरण हो , समाधान से संतुष्टि हो या सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास, भ्रष्टाचार मुक्त राज्य का सपना, सख्त भू-कानून, यूनिफार्म सिविल कोड और जनकल्याणकारी योजनाएं , ये सभी मुद्दे सीएम धामी की पहचान बन गए हैं. भट्ट ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, यूकेएसएसएससी के रिक्त पदों को लोक सेवा आयोग द्वारा पूर्ण कराने, पुलिस ग्रेड पे का समाधान निकालने के लिए भी संगठन मुख्यमंत्री का धन्यवाद करेगा.

भट्ट ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को पूरे राज्य में सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत 17 सितंबर को विकास कार्यों की प्रदर्शनी, 18 को डेढ़ लाख बधाई संदेश, 19-20 को स्वच्छता कार्यक्रम चलेगा। 21-22 सितंबर को पौधरोपण अभियान, 23 को नौलों, धारों, जलस्रोतों के पूजन का कार्यक्रम, 24 को छह नगर निगम क्षेत्रों में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन, 25 को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती, 27 को दिव्यांगों को कृत्रिम अंग वितरण, 28 को स्वास्थ्य परीक्षण, 29 व 30 सितंबर को विविधता में एकता महोत्सव होगा.

दो अक्टूबर को गोष्ठी व खादी को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बेहतरीन कार्यक्रम करने वाले पांच जिलों को पुरस्कार दिए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश महासचिव आदित्य कोठारी, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, विनोद सुयाल, विपिन कैंथोला, कमलेश उनियाल, कौस्तुभानंद जोशी भी मौजूद थे.

महिला मोर्चा मनाएगी दीपोत्सव

भाजपा महिला मोर्चा मुख्यमंत्री के जन्मदिन को दीपोत्सव के रूप में मनाएगी। धामी के 48वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर धार्मिक स्थलों और गंगा तट पर 48-48 दीपक जलाए जाएंगे. मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने इस संबंध में सभी संगठनात्मक जिलों को निर्देश जारी कर दिए हैं.