देहरादून 15 जनवरी, PAHAAD NEWS TEAM

मसूरी में भाजपा ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सतीश ढौडियाल, नगर पालिका सभासद व पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष गीता कुमाई, पालिका सभासद जसोदा शर्मा, व मुस्लिम समाज के युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर कांग्रेस को करारा झटका दिया है। कुलडी क्षेत्र के एक होटल में भाजपा मसूरी मंडल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में दर्जनों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिनका मंत्री गणेश जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य व भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले दर्जनों लोगों क़ो माला व पटका पहना कर स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रदेश के कबीना मंत्री व मसूरी विधायक गणेश जोशी ने पार्टी में शामिल होने वालों का जोरदार स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा जनहित में बिना किसी भेदभाव के कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता संगठन को पार्टी के रूप में नहीं परिवार के रूप में आगे बढाने का कार्य किया है। जो कांग्रेस में रहे और आज भाजपा में आये है उन्हें भाजपा की कार्यप्रणाली का पता चलेगा। जब कांग्रेस सत्ता में होती है तो वह जनता को भूल जाती है जबकि भाजपा बिना स्वार्थ के कार्य करती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मसूरी विधानसभा में पूरे प्रदेश के सभी विधानसभाओं में सबसे ज्यादा विकासकार्य हुए हैं।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों को बधाई देते हुए स्वागत किया व कहा कि भाजपा ही एक मात्र ऐसा राजनैतिक दल है जो जनता के हितों के लिए कार्य करने के साथ ही उनके दुःख सुख में हमेशा खड़ी रहती है। पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने कहा कि भाजपा ने हमेशा मात्रशक्ति व युवा शक्ति का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि मंत्री गणेश जोशी प्रदेश के अकेले विधायक हैं, जो दिन रात जनता की सेवा में लगे रहते हैं। चाहे कोरोना काल रहा हो या किसी का दुःख सुख रहा हो। उन्होंने पार्टी में शामिल होने वालों का स्वागत किया।

भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सतीश ढौडियाल ने कहा कि भाजपा की एक मात्र ऐसा राजनैतिक दल है जिसने देश व प्रदेश में विकास की गंगा बहाने के साथ ही लोगों के दुःख सुख में साथ दिया है। उन्होंने मंत्री गणेश जोशी की कार्य प्रणाली की सराहना की कि उन्होंने हर मुश्किल घड़ी में बिना किसी भेदभाव के कार्य किए है व मसूरी के विकास में अहम भूमिका अदा की है। उन्होंने यह भी कहा कि अब कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है। इस मौके पर पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष व पालिका सभासद गीता कुमाई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह देश के विकास व कोरोना की मुश्किल घड़ी से देश को बचाया है वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिस तेज गति से प्रदेश में विकास की बयार बहाई है उसे कोई नकार नहीं सकता।

पालिका सभासद जसोदा शर्मा ने भी संबोधित किया व कहा कि भाजपा ही ऐसा राजनैतिक दल है जो जनता के हित के लिए कार्य करता है। कार्यक्रम के अंत में भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी का स्वागत किया व धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम का संचालन महामंत्री कुशाल राणा ने किया। इस अवसर पर अमित भटट, अनीता सक्सेना, पूर्व उपाध्यक्ष छावनी परिषद बादल प्रकाश, पालिका सभासद मदन मोहन शर्मा, अरविंद सेमवाल, राकेश ठाकुर, भरत कुमाई, मनोज खरोला, मनोज रेंगवाल, सपना शर्मा, मुकेश धनाई, कमला थपलियाल, नर्मदा नेगी, अभिलाष, आलोक मेहरोत्रा, सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।