देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में आज से 15 से 18 साल के बच्चों के टीकाकरण का अभियान शुरू होने जा रहा है. सरकार ने एक सप्ताह के भीतर 15-18 वर्ष आयु वर्ग के 6.5 लाख बच्चों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा है। बता दें, बीते दिन सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर 15 से 18 साल की उम्र के बच्चों को एक सप्ताह के भीतर टीका लगाने का लक्ष्य रखा है.

वहीं, देहरादून जिले के 594 स्कूलों में 15 से 18 साल के किशोरों का टीकाकरण किया जाएगा. स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग ने 10 दिन का माइक्रो प्लान तैयार किया है। इसकी जिम्मेदारी प्राचार्यों व टीकाकरण प्रभारियों को सौंपी गई है। टीकाकरण और बच्चों को बुलाने के लिए आवश्यक सुविधाओं सहित सभी कार्यों के समन्वय की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। जिले में डेढ़ लाख बच्चों का टीकाकरण किया जाना है।

मोबाइल लाना जरूरी : देहरादून में आज से 15 से 18 साल के किशोरों को कोविड का टीका लगाया जाएगा। इस चरण में वर्ष 2007 या 2007 से पहले जन्म लेने वाले सभी किशोरों का टीकाकरण किया जाएगा। टीका लगवाने के लिए सभी किशोरों को पहचान प्रमाण के रूप में आधार कार्ड या स्कूल आईडी कार्ड दिखाना होगा। स्कूल आईडी कार्ड के साथ मोबाइल लाना अनिवार्य होगा।

मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री करेंगे उद्घाटन 15 से 18 वर्ष की आयु के किशोरों के लिए कोविड टीकाकरण अभियान आज सुबह साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री धामी व स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत द्वारा सनातन धर्म इंटर कॉलेज बन्नू स्कूल रेसकोर्स देहरादून में शुरू किया जाएगा. टीकाकरण से पहले ऑफलाइन और ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा है। टीका लगवाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण cowin.gov.in पर किया जा सकता है या ऑफलाइन पंजीकरण टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी किया जा सकता है।

पौड़ी के 36 हजार किशोरों का होगा टीकाकरण : पौड़ी प्रशासन ने जिले में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों का टीकाकरण करने की तैयारी पूरी कर ली है. डीएम विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मिली गाइडलाइंस के मुताबिक जिले में टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है. चिकित्सा विभाग द्वारा टीकाकरण अभियान युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के करीब 36 हजार किशोरों को कोविड का टीका लगाया जाएगा.

13 हजार किशोरों का टीकाकरण : बागेश्वर स्वास्थ्य विभाग ने 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली है, जो आज से शुरू होने जा रहा है. जिला विकास अधिकारी संगीता आर्य ने नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि डीएम के आदेशानुसार जिले में 3 से 7 जनवरी तक मेघा टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. इसके लिए जिले में 88 वैक्सीनेशन सेंटरों के माध्यम से शासन द्वारा जारी किए गए 12951 छात्र-छात्राओं को टीका लगाया जाएगा । डीएम ने जिले के नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन 3 हजार किशोरों का टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं.

जानिए क्या है प्रक्रिया: अब हम आपको बताते हैं कि वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन करना कितना आसान है। सबसे पहले आपको कोविन पोर्टल पर जाकर Book Your Slot पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आपको अपना मोबाइल नंबर देना होगा जिस पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी देने पर एक नया पेज खुलेगा जिसमें आपको अपना नाम, जन्म का वर्ष, लिंग, आईडी का प्रकार और उसका नंबर भरना होगा। इस प्रक्रिया को करने के बाद आपको शेड्यूल में जाकर अपना राज्य, शहर या पिन कोड देना होगा। फिर अपनी उम्र के मापदंड का चयन करने के बाद आपको टीकाकरण केंद्र और समय तय करना होगा। इसके बाद आपकी अपॉइंटमेंट स्लिप जनरेट हो जाएगी।