मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

पहाड़ों की रानी मसूरी में एक बार फिर मौसम बदल गया है. शुक्रवार को दोपहर में हुई हल्की बारिश से मसूरी और आसपास के इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. मसूरी में बारिश के बाद धनौल्टी, सुवाखोली और सुरकंडा देवी इलाकों में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों के चेहरे खिल उठे हैं.

मसूरी में बारिश और हल्की ओलावृष्टि से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है. ठंड से लोगों को परेशानी हो रही है। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है. वहीं, निचले इलाकों में भी बारिश की संभावना है।

मसूरी में बदले मौसम को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। उनका कहना है कि मसूरी में अभी तक बर्फबारी नहीं हुई है, जिससे लोग मायूस भी हैं. ऐसे में कोरोना संक्रमण के कारण मसूरी का पर्यटन पूरी तरह से प्रभावित हुआ है. मसूरी में पर्यटन व्यवसाय नगण्य है। अगर मसूरी और आसपास के इलाकों में बर्फबारी होती है तो भारी संख्या में पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए मसूरी का रुख करेंगे. जिससे मसूरी और आसपास के इलाकों में कारोबार बढ़ेगा।

पुलिस ने तैयार किया प्लान : उधर, बर्फबारी की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से पहले ही एक्शन प्लान तैयार कर लिया गया है. ताकि मसूरी पहुंचने वाले पर्यटकों को किसी तरह की दिक्कत न हो।

बता दें, हाल ही में धनौल्टी और सुवाखोली में बर्फबारी के बाद पर्यटक यहां घूमे थे, जिसके बाद भारी भीड़ को देखते हुए मसूरी पुलिस को जेपी बैंड पर लोगों को रोकना पड़ा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था .