मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

पहाड़ों की रानी के आसपास क्षेत्र  और धनौल्टी में हुई  बर्फबारी के बाद से पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. पर्यटकों की आमद बढ़ने के कारण पुलिस ने पर्यटकों को मसूरी जेपी बैंड के पास धनौल्टी जाने से रोक दिया है। वहीं मसूरी-धनौल्टी मार्ग पर जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

वहीं मसूरी में पुलिस बल की भारी कमी के चलते व्यवस्थाओं को ठीक करने में काफी परेशानी सामने आ रही है. बर्फबारी का लुत्फ उठाने आने वाले पर्यटकों को पुलिस द्वारा धनौल्टी जाने से रोके जाने से मायूस है। पर्यटकों का कहना है कि पुलिस-प्रशासन ने उन्हें मसूरी से घनौल्टी जाने की इजाजत नहीं दी. ऐसे में वह बर्फबारी का मजा नहीं ले पा रहे हैं।

उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मांग की कि बर्फबारी को देखते हुए पर्यटकों के लिए व्यवस्था की जाए। पर्यटक मसूरी और आसपास के इलाकों में बर्फबारी का लुत्फ उठाने आए थे, लेकिन मसूरी में बर्फबारी कम होने से पर्यटक धनौल्टी की ओर रुख कर रहे हैं।

मसूरी सीओ पल्लवी त्यागी ने कहा कि बर्फबारी की सूचना पर मसूरी और आसपास के इलाकों में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है. पर्यटकों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े इसलिए उन्हें रोका जा रहा है। धनौल्टी की अनुमति उन्हीं लोगों को दी जा रही है, जिनके पास होटलों में बुकिंग है।

उन्होंने बताया कि मसूरी में पर्यटकों से कोविड नियमों का पालन कराया जा रहा है. वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. दो गज की दूरी है और हर हाल में मास्क का पालन करना अनिवार्य है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन लोगों को कोविड नियमों के प्रति जागरूक करने का काम कर रही है.