मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून समेत राज्य के कई इलाकों में रविवार दोपहर को हल्की बूंदाबांदी हुई. वहीं, मसूरी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है। यमुनोत्रीधाम में बर्फबारी हुई और निचले इलाकों और यमुना घाटी में भारी बारिश हुई।

राजधानी दून और आसपास के इलाकों में रविवार को न सिर्फ हल्की बूंदाबांदी हुई, बल्कि देर शाम तेज ठंडी हवा चली. जिससे लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ा। मौसम के बदलने का असर ऐसा रहा कि दिन में भी पारा चढ़ गया और ठंड से बेहाल लोग अपने घरों में ही रहे।

मसूरी में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। रविवार को सुबह से ही शहर में घने बादल छाए रहे और कोहरा छाया रहा। दोपहर में शहर में बारिश और हल्की ओलावृष्टि हुई, जिससे यहां ठंड बढ़ गई है. लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं कड़ाके की ठंड के बावजूद माल रोड समेत अन्य जगहों पर पर्यटक घूमते नजर आ रहे हैं.

ऋषिकेश में हल्की बूंदाबांदी से मौसम सर्द हो गया है। इधर रविवार की सुबह तेज धूप के बाद अचानक मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया। इस बीच दोपहर एक बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी भी शुरू हो गई, जिससे ठंड बढ़ गई। बदलते मौसम के चलते लोग घरों में कैद होकर छुट्टियां बिता रहे हैं। इस दौरान सिर्फ कामकाजी लोग ही घरों से बाहर निकलते दिखे। गंगा घाटों और तटों पर अलाव जलाकर फक्कड़ बाबा ठंड को भगाते रहे। शाम तक पारा लुढ़क गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली-एनसीआर के पर्यटकों ने तीर्थ नगरी में गंगा में रिवर राफ्टिंग का आनंद लिया। सुबह से शाम तक रंग-बिरंगे राफ्ट गंगा में खेलते नजर आए। पर्यटकों की आमद के कारण नेपाली फार्म से तपोवन तक जाम लगा रहा। रविवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों से पर्यटक मुनिकीरेती, ल.क्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम और तपोवन इलाके में पहुंचे. यहां पर्यटक ब्रह्मपुरी, क्लब हाउस और शिवपुरी से रिवर राफ्टिंग का मजा लेते हैं।

कर्णप्रयाग में बारिश से ठंड बढ़ गई


रविवार की दोपहर कर्णप्रयाग समेत आसपास के गांवों में बारिश से ठंड बढ़ गई है. बारिश के बाद बाजारों में लोगों की चहल-पहल काफी कम रही। बेनीताल, पुडियाणी, चौरासैंण, नौटी, नंदासैंण समेत ऊंचाई वाले गांवों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं. वहीं, पिंडरघाटी में बादल छाए रहे। पिंडरघाटी में शीत लहर चल रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को बारिश की चेतावनी जारी की है।