देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी ने धामी सरकार के मंत्रिमंडल पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सपा का कहना है कि धामी सरकार की कैबिनेट में पिछड़ा वर्ग और तराई क्षेत्र की उपेक्षा की गई है. इसे लेकर सपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सत्यनारायण सचान ने प्रेस वार्ता की.

इस दौरान सपा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सचान ने कहा कि धामी सरकार का मंत्रिमंडल बन गया है, लेकिन अगर सरकार जनहित के मुद्दों पर इधर-उधर काम करती है तो सपा भाजपा सरकार का विरोध करेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि सपा सरकार के अच्छे कार्यों की भी सराहना करेगी.

उन्होंने कहा कि जिस तरह से आठ मंत्रियों को कैबिनेट में जगह मिली है, उससे लगता है कि कैबिनेट में बीजेपी सरकार का समीकरण ठीक नहीं बैठ रहा है. क्योंकि इस कैबिनेट में तराई की अनदेखी की गई है, जबकि 50 फीसदी आबादी इसी इलाके में रहती है. ऐसे में तराई के लोगों को इस सरकार से मायूसी हाथ लगी है.

प्रदेश अध्यक्ष सचान का कहना है कि धामी सरकार में जितने मंत्रियों को जगह मिली है, उससे लगता है कि पिछड़े वर्ग से भाजपा का कोई भी विधायक जीतकर नहीं आया होगा . नहीं तो पिछड़े वर्ग के विधायक को प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए था। इससे पता चलता है कि भाजपा ने पिछड़े वर्गों और तराई क्षेत्र की उपेक्षा की है।