देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

सल्ट उपचुनाव में भाजपा की ओर से उम्मीदवार की घोषणा का सबसे ज्यादा इंतजार कांग्रेस कर रही है। कांग्रेस की रणनीति सत्तारूढ़ पार्टी के बाद ही अपना उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारने की है। पार्टी को डर है कि भाजपा उम्मीदवार के चयन में अप्रत्याशित कदम उठा सकती है। ऐसा होने की स्थिति में, यह कांग्रेस के मौजूदा पैनल में शामिल नामों से अलग किसी ज्यादा दमदार प्रत्याशी पर दांव खेलती दिख सकती है। इसलिए वेट एंड वाच का फार्मूला अपनाया गया है। उपचुनाव 17 अप्रैल को अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा सीट पर होना है।

यह सीट भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की मौत के कारण खाली हुई है। राज्य में तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम और सरकार के नेतृत्व में बदलाव की घटना के बाद कांग्रेस ने भी अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। नेतृत्व परिवर्तन को सरकार की चार साल की एंटी इनकंबेंसी के तोड़ के रूप में देखे जाने के बाद , कांग्रेस ने सरकार और सत्तारूढ़ भाजपा को हर मोर्चे पर कड़ी टक्कर देने की तैयारी शुरू कर दी है। वैसे भी अगले विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा सल्ट उपचुनाव को कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव के लिए संदेश के तौर पर ले रही है इसलिए, एक मजबूत टक्कर देने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।

राज्य कांग्रेस कमेटी प्रत्याशी के चयन संबंध में तैयार किया गया पैनल केंद्रीय नेताओं को सौंप चुकी है। पैनल में विक्रम सिंह रावत और गंगा पंचोली का नाम है। पार्टी इस सीट से पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत को मैदान में उतारना चाहती है। उन्हें मनाने का प्रयास जारी हैं, लेकिन रणजीत रामनगर सीट पर ही अपनी दावेदारी रखना चाहते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी स्वीकार किया कि रणजीत सिंह रावत को चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिशें जारी है। कांग्रेस भाजपा उम्मीदवार की घोषणा का इंतजार कर रही है।

इससे पहले, कांग्रेस इस रणनीति पर काम कर रही थी कि प्रत्याशी जल्द घोषित कर चुनाव में जुटा जाए। इसे अब बदल दिया गया है। हालांकि, भाजपा ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के सल्ट उपचुनाव लड़ने की संभावना से इनकार कर चुकी है। इसके बावजूद विपक्षी दल यह संभावना जता रहा हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत वर्तमान में पौड़ी के सांसद हैं। उन्हें छह महीने के भीतर विधानसभा चुनाव लड़ना होगा। उपचुनाव के लिए नामांकन करने की अंतिम तिथि 30 मार्च है। ऐसी स्थिति में, कांग्रेस रविवार या सोमवार शाम को उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है।