थराली , PAHAAD NEWS TEAM
कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने थराली के कुलसारी में कोविड महामारी की रोकथाम के लिए तहसील प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की. वहीं, बिशन सिंह चुफल ने कहा कि सरकार कोरोना महामारी से निपटने के लिए हर विकासखंड में एक कोविड सेंटर स्थापित करने पर विचार कर रही है.
ज्ञात हो कि बागेश्वर से देहरादून जाते समय कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल अपने कार्यक्रम के अनुसार थराली पहुंचे. यहां उन्होंने भाजपा विधायक मुन्नीदेवी शाह और प्रखंड प्रमुखों सहित भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कोविड महामारी को लेकर प्रशासन की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की.
कोविड को लेकर थराली विधायक मुन्नीदेवी शाह ने कहा कि आरटीपीसीआर टेस्टिंग की रिपोर्ट में देरी हुई। मंत्री चुफाल के सामने देवाल से ब्लॉक प्रमुख दर्शन दानू ने भी मांग की कि देवाल के बोरागाड़ स्थित बीएड कॉलेज को फिलहाल कोविड केयर सेंटर में तब्दील किया जाए. इसके साथ ही थराली के तलवाड़ी में इंटर कॉलेज के छात्रावास को भी क्वारंटाइन सेंटर या फिर कोविड केयर की तर्ज पर चलाने की मांग बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री से की.
इस दौरान बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि वह राज्य के दोनों मंडलों में टेस्टिंग लैब की संख्या बढ़ाने को लेकर खुद मुख्यमंत्री से बात करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार कोरोना महामारी से निपटने के लिए हर विकासखंड में एक कोविड सेंटर स्थापित करने पर विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की कमी है, वहां स्वास्थ्य कर्मियों की तत्काल नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं. जहां भी ऐसी समस्या आ रही है, वहां जल्द से जल्द स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी।

