चमोली , PAHAAD NEWS TEAM

चमोली जिले के कर्णप्रयाग और गैरसैंण प्रखंड में जल्द ही 12 मोटर मार्ग, एक मोटर पुल और दो बहुस्तरीय पार्किंग का काम शुरू होगा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा की राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेड़ा के अनुरोध पर यह आश्वासन दिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास विभाग को इस संबंध में जल्द से जल्द पत्र सौंपने का निर्देश दिया है.

भाजपा की राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य सतीश लखेड़ा ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा. उन्होंने कहा कि विकासखण्ड कर्णप्रयाग में कनोठ से नैणी, रामबोरी से सेम, जयकंडी से सिरतोली, बगोली बाजार से बगोली गांव, गौचर नगर से बाइपास मोटर मार्ग, गैथी खरसाई माठ मोटर मार्ग के निर्माण की मांग है. विकासखण्ड गैरसैंण में कुसरानी तल्ली से तेलीधार लामबगड़ मोटर मार्ग, रोहिड़ा के बाटाधार से देवस्थान मोटर मार्ग, साराकोट से भराड़ीसैंण मोटर मार्ग, तालचट्टी से नौना पइयां मोटर मार्ग, नगली ठमकर से ईश्वरीखाल मोटर मार्ग, खेत गधेरा से केड़ा पंडाव मोटर मार्ग को लेकर ग्रामीण आंदोलनरत हैं। इसके अलावा जसपुर के पास उज्जलपुर-बनौली-नंदासैण मोटर मार्ग की आटागाड़ नदी पर मोटर ब्रिज बनाया जाना है।

लखेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इन सभी को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही गौचर नगर और गैरसैंण में पार्किंग निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति भी दी गई है. उन्होंने कहा कि इससे दोनों प्रखंडों का अधिकतम क्षेत्र सड़क मार्ग से आच्छादित हो जाएगा और गोचर व गैरसैंण शहर की पार्किंग की समस्या भी हल हो जाएगी.