चंपावत , PAHAAD NEWS TEAM

जिले की लोहाघाट विधानसभा में खराब मौसम होने के बावजूद पोलिंग पार्टियां को रवाना कर दिया गया है. मतदान दलों की टीम दिव्यांग व वृद्ध मतदाताओं के घर-घर जाकर डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान कराएगी. विधानसभा के सुदूर सीमांत क्षेत्रों में मतदान शुरू हो गया है. रवाना होने से पहले सभी कर्मचारियों को कोरोना का बूस्टर डोज लगाया गया।

लोहाघाट चुनाव के आरओ एसडीएम रिंकू बिष्ट ने बताया कि लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में बुजुर्गों और दिव्यांगों का घर-घर जाकर मतदान करने के लिए पोस्टल बैलेट के जरिए 48 टीमों का गठन किया गया है, जिसमें से 10 मतदान दलों को सबसे दूर दराज के इलाकों में भेजा गया है. पूरे विधानसभा क्षेत्र में 418 दिव्यांग और 80 साल से ऊपर के बुजुर्ग मतदाता हैं. जिनके मतदान दल घर-घर जाकर मतदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह अभियान 6 फरवरी तक चलेगा. सभी मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। हालांकि लोहाघाट में खराब मौसम और बारिश होने के कारण मतदान दल को निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन मतदान प्रक्रिया को सुचारू रखने के मकसद से पोलिंग पार्टियां इस कड़ाके की सर्दी में भी सफल मतदान के लिए निकल रही है।