देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली . इस दौरान सीएम ने कॉलेजों में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही छात्रों के व्यापक हित में कॉलेजों में रोजगार योग्य विषयों की पढ़ाई पर भी ध्यान देने को कहा है. बैठक में प्रदेश के विभिन्न विकास खण्डों में महाविद्यालयों की स्थापना, पूर्व में स्थापित महाविद्यालयों के उन्नयन एवं नये विषयों के उद्घाटन एवं शिक्षकों के पदों के सृजन पर विस्तार से चर्चा की गयी. इस संबंध में अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक में निर्देश दिए कि कॉलेजों में शिक्षा के अनुकूल माहौल बनाया जाए. साथ ही छात्रों की जरूरत के हिसाब से विषयों के चयन पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा और उद्योग के अनुकूल विषय के रूप में व्यावसायिक शिक्षा से संबंधित प्रशिक्षण की व्यवस्था पर भी ध्यान देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने नई शिक्षा नीति के तहत प्रदेश में उच्च शिक्षा व्यवस्थाओं के क्रियान्वयन पर भी ध्यान देने को कहा ताकि विद्यार्थियों को बेहतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल मिल सके. मुख्यमंत्री ने छात्रों को दी जाने वाली टैबलेट की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए भी कहा, ताकि दीपावली तक छात्रों को ये टैबलेट उपलब्ध करायी जा सकें. इस अवसर पर निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. पीके पाठक ने प्रदेश में उच्च शिक्षा से संबंधित गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी गई .

