टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने टिहरी यात्रा के दौरान टीएचडीसी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज में 95 करोड़ 73 लाख 78 हजार रुपये की कुल 42 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनमें से 59 करोड़ 18 करोड़ 32 लाख की 21 योजनाओं का लोकार्पण व 36 करोड़ 55 लाख 46 हजार की 21 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। जारी योजनाओं में लोक निर्माण विभाग की 5, सिंचाई की 4, आरईएस की 5, पीएमजीएसवाई की 5, पर्यटन विभाग की 2 योजनाएं शामिल हैं। वहीं, शिलान्यास में लोनिवि की 4, आरईएस की 9, पीएमजीएसवाई की 1 व पेयजल निगम की 7 योजनाएं शामिल है.

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से गढ़वाल मंडल विकास निगम के अतिथि गृह देवप्रयाग में 70 बिस्तरों वाले कोविड केयर सेंटर का लोकार्पण किया. इस कोविड केयर सेंटर से 53 हजार आबादी को कोविड उपचार का लाभ मिलेगा।

बौराड़ी अस्पताल का निरीक्षण

सीएम तीरथ सिंह रावत ने जिला बौराडी अस्पताल का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने अस्पताल के आपातकालीन सेवा, आईसीयू, नवजात वार्ड, सामान्य ओपीडी, हड्डी रोग वार्ड का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने आईसीयू में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। साथ ही भर्ती मरीजों से भोजन, दवा और स्वास्थ्य जांच को लेकर फीडबैक भी लिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में निर्माणाधीन 500 एलपीएम ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट को 7 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए.

रेफर सेंटर नहीं बने अस्पताल : सीएम

बता दें कि ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कार्य पूरा होने पर 80 बेड के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जिला अस्पताल सिर्फ रेफर सेंटर न बनाया जाए. जिला अस्पताल में आने वाले हर प्रकार के मरीज का इलाज सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, विधायक टिहरी डॉ. धन सिंह नेगी, जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे.