देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री बनते ही तेजी से फैसले ले रहे हैं. इस दौरान जहां उनके फैसलों में तेजी दिख रही है वहीं फाइलों के मूवमेंट को लेकर वह अधिकारियों को पहले ही दिशा- निर्देश दे चुके हैं. ऐसे में आज मुख्यमंत्री धामी पहली बार सचिवालय पहुंचे और अनुभागों में पत्रावलियों का निरीक्षण किया .
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय के विभिन्न खंडों का निरीक्षण किया. इस मौके पर उन्होंने विभिन्न फाइलों की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शासन स्तर पर प्राप्त होने वाली पत्रावलियों का त्वरित निस्तारण किया जाए . उन्होंने कहा कि लोगों को सरकार से काफी उम्मीदें हैं। यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कार्यों में तेजी लाने के साथ ही कार्यों में समयबद्धता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए. यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों को अपने काम के लिए सचिवालय का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े। शासन स्तर पर प्राप्त फाइलों के निस्तारण की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। आगंतुकों के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार रखा जाए।

