देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित सभा में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय बची सिंह रावत (बचदा) को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई । इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि बचदा का जाना पूरे राज्य के लिए बहुत बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई करना असंभव है।

उत्तराखंड के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को आगे बढ़ाने के अलावा, बचदा ने विकासपरक सोच के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी। हम उनके सिद्धांतों को आत्मसात करके आगे बढ़ेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि सादगी की मिसाल रहे बचदा कुशल संगठनकर्ता और रणनीतिकार थे। जब भी उन्हें जिम्मेदारी दी गई, वे उसमें वह खरा उतरे।

उनके प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए, संगठन बूथ स्तर तक मजबूत हुआ और उनके मार्गदर्शन में भाजपा ने नए आयामों को छुआ। राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, महापौर सुनील उनियाल गामा ने बचदा से जुड़े संस्मरण सुनाए। राज्य महासचिव कुलदीप कुमार ने सभा का संचालन किया।

इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ व खजान दास, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा देवेंद्र भसीन व अनिल गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, विनोद सुयाल, मधु भट्ट, नीरू देवी, कमलेश उनियाल, अजेंद्र अजय, राजीव तलवार, रविंद्र कटारिया आदि उपस्थित थे। इससे पहले सभा में बचदा के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की गई।