देश में नए तरह के कोरोना के आने से उत्तराखंड सरकार भी सतर्क हो गई है। राज्य में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शुक्रवार से भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है. साथ ही अस्पतालों में सर्दी, बुखार और श्वसन तंत्र आने वाले मरीजों का आरटीपीसीआर टेस्ट भी जरूरी कर दिया गया है.
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने कोविड की एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) जारी की। सभी डीएम और सीएमओ को निर्देश दिया गया है कि वे कोरोना संक्रमित सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए अनिवार्य रूप से राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून भिजवाएं. ताकि नए तरह के कोरोना वायरस का पता लगाया जा सके और इसके प्रसार को रोका जा सके।
लोगों को कोविड नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाए। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार अधिक जोखिम वाली आबादी वाले क्षेत्रों में कोविड टीकाकरण अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

