धनौल्टी , PAHAAD NEWS TEAM

प्रदेश की सबसे हॉट धनौल्टी विधानसभा सीट के चुनावी रण में नामांकन का दौर थमने के बाद दिग्गजों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। इस सीट पर बदलते चुनावी समीकरणों के बीच इस बार कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां निर्दलीय महावीर सिंह रागड़ के मैदान में होने से चुनावी समीकरण त्रिकोणात्मक बन गए हैं। कांग्रेस से जोत सिंह बिष्ट , जबकि बीजेपी से प्रीतम सिंह पंवार चुनावी मैदान में उतरे हुए हैं।

फिलहाल धनौल्टी से देहरादून तक का रास्ता तय करने के लिए यहां दिग्गजों को गांवों में पैदल दूरी नापकर जनता के बीच अपनी बात रखने के लिए खासा पसीना बहाना पड़ रहा है। धनौल्टी में इस बार निर्दलीय महावीर सिंह रागड़ की एंट्री से मुकाबला महज भाजपा और कांग्रेस में न होकर त्रिकोणीय दिखाई दे रहा है।

सबसे अधिक दिलचस्प स्थिति धनौल्टी विधानसभा सीट पर बनी हुई है। टिकट न मिलने से खफा पूर्व विधायक महावीर सिंह रागड़ निर्दलीय चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। रांगड़ के साथ पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता चुनाव प्रचार अभियान में जुटे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी ने बताया था कि रांगड़ से सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वार्ता की, लेकिन उन्हें मनाने की सभी कोशिशें नाकाम रही।

निर्दलीय महावीर सिंह रागड़ ने कहा कि वे पार्टी से टिकट की मांग कर रहे थे, पहले भी उनकी अनदेखी की गई और वे कई वर्षों से जनता के बीच काम कर रहे हैं. निर्दलीय के तौर पर उन्हें जनता का भरपूर समर्थन भी मिल रहा है. हालांकि धनौल्टी सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि यहां जनता की पसंद कौन बनता है.