धनोल्टी , PAHAAD NEWS TEAM
टिहरी जिले की धनोल्टी विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में उतरे भाजपा के पूर्व विधायक और राज्य मंत्री महावीर सिंह रांगड़ ने कंडीसौड़ बाजार में रोड शो कर वोट मांगा. साथ ही रोड शो के दौरान उनके साथ पार्टी से निकाले गए लोग भी शामिल थे. उन्होंने बताया कि आज धनोल्टी में माहौल ऐसा हो गया है, जब आम जनता चुनाव लड़ना चाहती है.
उन्होंने भाजपा की ओर इशारा करते हुए कहा कि पार्टी के फैसले को देखकर आम आदमी ने खुद चुनावी मैदान में उतरकर मुझे आशीर्वाद देने का मन बना लिया है क्योंकि पार्टी ने पहले 2017 और फिर 2022 में मुझे दरकिनार किया. ऐसे में जनता की भावना को देखते हुए उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने का मन बना लिया है. उन्होंने कहा कि मुझे धनोल्टी के आम आदमी का पूरा सहयोग है. जिसे देखकर लगता है कि दोनों राष्ट्रीय दल दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं.
जब महावीर रांगड़ से पूछा गया कि अगर आप जीत जानते हैं और दोनों पार्टियां सरकार बनाने के आंकड़े के करीब हैं, उन्हें एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन की जरूरत है, तो क्या आप ऐसी स्थिति में कांग्रेस का समर्थन कर सकते हैं. ऐसे में रांगड़ ने कहा कि यह बाद की बात है, मैं अपने साथियों की राय के अनुसार इस मुद्दे पर फैसला लूंगा. आगे कहा कि अब धनोल्टी की आम जनता चुनाव लड़ रही है, जिसके लिए मुझे पूरा आशीर्वाद मिल रहा है. जिसके बाद दोनों पक्ष दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं।

