देहरादून/मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
मादक द्रव्यों के दुष्प्रभाव को लेकर 22 से 28 जून तक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत नशीली दवाओं के खिलाफ जागरूकता से संबंधित पोस्टर और बैनर लगाए गए। इसके साथ ही फेसबुक, व्हाट्सएप के माध्यम से जागरूकता संबंधी वीडियो और ऑडियो प्रचारित और प्रसारित किया जा रहा है।
नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस हर साल 26 जून को मनाया जाता है। इसी को देखते हुए उत्तराखंड एसटीएफ की ओर से 22 जून से 28 जून तक नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. साथ ही एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशे के दुष्परिणामों के बारे में जन जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि अभियान के तहत आज ड्रग्स जागरूकता से संबंधित पोस्टर, पैम्फलेट और बैनर लगाए गए हैं. इसके साथ ही फेसबुक, व्हाट्सएप के माध्यम से जागरूकता संबंधी वीडियो और ऑडियो प्रचारित और प्रसारित किया जा रहा है ।
वहीं मसूरी पुलिस ड्रग्स के दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता सप्ताह अभियान भी चला रही है. मसूरी पुलिस की ओर से क्षेत्र की आम जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया साथ ही ड्रग्स के खिलाफ जागरुकता पंपलेट वितरित किया गया ।

