पौड़ी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में पौड़ी जिले की सभी 6 विधानसभा सीटों में से 4 सीटों पर 6 महिला उम्मीदवार भी किस्मत आजमा रही हैं. इसमें बीजेपी ने दो विधानसभा सीटों पर कांग्रेस और यूकेडी ने एक-एक विधानसभा सीट पर महिला उम्मीदवार उतारे हैं. जबकि 2 महिलाएं निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं।

भाजपा ने पौड़ी जिले की यमकेश्वर विधानसभा सीट से रेनु बिष्ट को मैदान में उतारा है। जिले की यमकेश्वर विधानसभा सीट एक ऐसी सीट है जिस पर बीजेपी ने राज्य बनने के बाद लगातार महिला उम्मीदवार उतारे हैं. यमकेश्वर सीट पर बीजेपी ने 2002, 2007 और 2012 में पूर्व कैबिनेट मंत्री विजया बड़थ्वाल को उतारा था. 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने यमकेश्वर सीट से ऋतु खंडूड़ी को टिकट दिया था. राज्य गठन के बाद अब तक हुए चार विधानसभा चुनावों में यमकेश्वर की लड़ाई में बीजेपी की महिला उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है.

कोटद्वार विधानसभा सीट से बीजेपी ने इस बार यमकेश्वर विधानसभा की विधायक ऋतु खंडूड़ी को उम्मीदवार बनाया है. कोटद्वार से महिमा चौधरी ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है. खास बात यह है कि कोटद्वार से सिर्फ दो महिला प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा उत्तराखंड क्रांति दल ने पौड़ी विधानसभा सीट से पूनम टम्टा को प्रत्याशी बनाया है। जबकि लैंसडाउन विधानसभा सीट से कांग्रेस ने दूसरी बार किसी महिला को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने पूर्व मिस इंडिया और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति गुसाईं को उम्मीदवार बनाया है.

इससे पहले 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने लैंसडाउन सीट से ज्योति रौतेला को मैदान में उतारा था। हालांकि लैंसडाउन सीट से बीजेपी के दिलीप सिंह रावत ने जीत हासिल की थी. ज्योति रौतेला वर्तमान में उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसके अलावा लैंसडाउन सीट से ममता देवी भी निर्दलीय उम्मीदवार हैं.