देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मतदान के अंतिम आधिकारिक आंकड़े मंगलवार को भी जारी नहीं किए जा सके. इसका मुख्य कारण यह है कि अब तक सभी मतदान दल वापस नहीं लौट पाए हैं। मंगलवार रात तक 179 मतदान दल लौटने का इंतजार कर रहे थे। राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से सोमवार को राज्य में 65.10 प्रतिशत मतदान का अनंतिम आंकड़ा जारी किया गया. हालांकि, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर टर्नआउट ऐप में अनुमानित मतदान प्रतिशत 64.29 प्रतिशत दिया गया है।
राज्य में मतदान के लिए 11697 मतदान केंद्र बनाए गए थे. मतदान के बाद सोमवार की देर शाम से ही मतदान दलों की वापसी शुरू हो गई थी. इन मतदान दलों की ईवीएम को जमा कराकर जिलों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा गया, फिर मतदान दलों के दस्तावेजों की जांच की गई. इसमें संबंधित मतदान केंद्र पर डाले गए कुल मतों की गणना की गई। मंगलवार देर शाम तक 11518 मतदान दल अपने गंतव्य पर पहुंच चुके थे, जबकि 179 का आना बाकी था। इनमें उत्तरकाशी में 96, पिथौरागढ़ में 78, देहरादून में चार और बागेश्वर में एक शामिल है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने कहा कि आगामी मतदान दलों से लगातार संपर्क किया जा रहा है. उनके आने के बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद ही अंतिम मतदान प्रतिशत की गणना की जाएगी। वहीं, चुनाव आयोग की ओर से सोमवार देर रात तक जारी एप में अनुमानित मतदान प्रतिशत 64.29 ही दिख रहा है. इसमें दिए गए आंकड़ों पर नजर डालें तो दो जिलों में साल 2017 से ज्यादा मतदान हुआ है.
वहीं 15 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां साल 2017 के मुकाबले वोटिंग प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है. इनमें से सबसे ज्यादा 5.11 फीसदी की वृद्धि विकासनगर विधानसभा सीट पर दर्ज की गई है. बाकी सीटों पर 0.7 फीसदी से तीन फीसदी की बढ़त देखी जा रही है. हालांकि, अंतिम आंकड़ों में बदलाव की संभावना है।

