डोईवाला , PAHAAD NEWS TEAM

सुसुआ नदी पर सत्तिवाला-बुल्लावाला पुल और खेरी झबरवाला पुल के निर्माण की मांग ग्रामीण वर्षों से कर रहे हैं. कई सरकारें आईं और चली गईं लेकिन अब तक पुल नहीं बने हैं। जिससे ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। जिसके बाद ग्रामीण अब आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की बात कर रहे हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं होने से लोगों को कई किलोमीटर का लंबा सफर तय करके बाजार तक जाना पड़ता है, बारिश के मौसम में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. पुल का निर्माण नहीं होने से अब ग्रामीण आगामी चुनाव का बहिष्कार करने की बात कर रहे हैं.

ग्रामीण मनोज कम्बोज ने कहा कि सरकार ने जनता से झूठे वादे किए और चुनाव आते ही ग्रामीणों को फिर से पुल बनाने का आश्वासन दिया जाता है. लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद वादे फिर भुला दिए जाते हैं। ग्रामीण रंजीत बॉबी ने कहा कि जब भाजपा की सरकार आई तो मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पुल बनाने की बात कही गई, जबकि 4 साल बाद भी जमीन पर कुछ नहीं हुआ और जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है.

दर्जा धारी पूर्व राज्य मंत्री करण बोरा ने बताया कि पुल निर्माण का कार्य वर्ल्ड बैंक के द्वारा किया जाना है . लेकिन बजट के अभाव में पुल निर्माण का काम नहीं हो सका. बजट मिलते ही पुल के निर्माण का काम सरकार कर देगी।