देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. आचार संहिता के दौरान पुलिस अब तक राज्य भर में साढ़े छह करोड़ रुपये से अधिक की नशीला पदार्थ और अवैध शराब पकड़ चुकी है. चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पुलिस अब तक सैकड़ों अपराधियों को जेल में बंद कर दिया है या फिर उनको जिलाबदर कर दिया है.

विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग ने 9 जनवरी को राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू की थी. तब से लेकर अब तक 3 फरवरी तक उत्तराखंड पुलिस ने अवैध ड्रग्स को पकड़ते हुए 174 तस्करों को गिरफ्तार किया है. साथ ही एनडीपीएस एक्ट के तहत 161 मामले दर्ज किए गए हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने 283 किलोग्राम से अधिक नशीला पदार्थ बरामद किया है, जिसकी कीमत 4 करोड़ 40 लाख से अधिक आंकी गई है.

शराब तस्करी के मामले में राज्य भर में पुलिस ने 851 मामले दर्ज कर 878 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस कार्रवाई के दौरान 30,594 लीटर से अधिक अवैध तस्करी की शराब बरामद की गई है. जब्त शराब की कीमत एक करोड़ 57 लाख 81 हजार 941 आंकी गई है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने 2 करोड़ 15 लाख 35 हजार 860 की नकदी पकड़ी है।

चुनाव आयोग के निर्देश पर अब तक 56,773 लाइसेंसधारकों में से 47,361 लोग अपने हथियार जमा करा चुके हैं. पुलिस अब तक 1275 गैर जमानती वारंट तामील कर चुकी है, जबकि 63 गैर जमानती वारंट लंबित हैं।

उत्तराखंड पुलिस अब तक राज्य भर से 771 वांछित अपराधियों में से 450 अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. साथ ही गुंडा एक्ट के तहत 500 अपराधियों का चालान किया गया है, जबकि 101 आरोपियों को जिला बदर बनाया गया है. अब तक 58 गैंगस्टर मामले दर्ज किए गए हैं और 213 आरोपियों को नामजद किया गया है, जिसमें 40 गैंगस्टरों को जेल भेजा जा चुका है।

वहीं, सीआरपीसी की धारा 110 के तहत कुल 1106 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें नामजद सभी 1106 आरोपियों के चालान भी काटे गए हैं। जिसमें 491 लोगों को प्रतिबंधित किया गया है। धारा 108 के तहत 147 मामले दर्ज कर 148 लोगों के चालान किए जा चुके हैं, जबकि 151 के अभी तक कुल 231 मामले दर्ज कर 336 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.