अल्मोड़ा, PAHAAD NEWS TEAM

दुश्वारियों के पहाड़ में संघर्ष करने वाली महिलाओं का यह आत्मविश्वास ही है कि वे समस्याओं को सुलझाने का रास्ता खोजने में बहुत आगे हैं। नैली डुबरोली गाँव में मातृ शक्ति ने जल संकट से पार पाने के लिए प्राकृतिक संसाधनों को पुनर्जीवित करने का जो बीड़ा उठाया है, वह सुकून दे रहा है। यहां महिलाओं के समूह ने दो पारंपरिक नौलों को संरक्षित करने के लिए एक अभियान छेड़ दिया है। जल स्रोत के पुनर्भरण क्षेत्र की तरफ पौधारोपण कर वर्षाजल को सहेजने का खाका खींचा है।
लमगड़ा विकास खंड के सांगड़साहू ग्राम पंचायत के नैली तोक में 46 परिवार हैं। आबादी मात्र ढाई सौ है। ग्रामीणों की प्यास बुझाने के लिए दुड़म पंपिंग पेयजल योजना भी पानी के बिना है। मजबूरी में ग्रामीण डेढ़ किमी दूर नैली गधेरे से पानी की व्यवस्था करते हैं। स्रोत दूर होने के कारण बहुत सारे दुश्वारियां भी हैं।

सिरदर्द बन चुके इस पेयजल संकट ने इन कामकाजी महिलाओं को समस्या से लड़ने की हिम्मत दी है। इन दिनों गंगा देवी के नेतृत्व में महिलाओं की टोली दो पारंपरिक नौलों के उद्धार को पसीना बहा रही है।

जैविक उपचार , रीचार्ज क्षेत्र की तरफ करेंगे

गंगा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने भी पारंपरिक नौलों की ऊपरी पहुंच में पुनर्भरण क्षेत्रों में जैविक उपचार की योजना भी बनाई है। स्थानीय प्रजातियों के पौधे जैसे बहुपयोगी बांज, उतीश, काफल के साथ ही मेहल, बेड़ू, तिमिल, पदम, बिदैंड़ (पर्वतीय नीम) आदि लगाने की योजना है।

दिनभर निकाली जा रही गाद महिलाओं की टोली पारंपरिक नौलों की सफाई को दिनभर अभियान चला रही हैं। गाँव के नंदन सिंह का कहना है कि गंगादेवी और उनकी टीम से प्रेरित होकर अब युवाओं की सेना भी मदद करने में लगी हुई है। नौलें में भरी गाद को साफ किया जा रहा है।

बढ़ा रहीं हाथ ये देवियां

पनुलीदेवी, गुड्डी देवी, माया देवी, देवकी देवी, जानकी देवी, ललिता देवी, लीला देवी, मीना देवी, मुन्नी देवी। ये सुबह पानी के स्रोत को पुनर्जीवित करने के लिए काम पर जुट जाती हैं। वह दोपहर के बाद चूल्हे पर लौटती है।

आठ साल का संकट

दोनों पारंपरिक नौले आठ साल पहले तक लबालब भरे थे। लोग इन्हीं से पानी पीते थे। बचे हुए पानी से क्यारियां सींची जाती थीं। महिलाओं की कड़ी मेहनत के कारण, ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बरसात नौलों की जलधारा फिर फूटेगी।