मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

पतंजलि योगपीठ द्वारा कुलड़ी तिलक पुस्तकालय परिसर में गिलोय वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर पतंजलि जिला प्रभारी देहरादून आनंद रावत ने बताया कि स्वस्थ भारत मिशन के तहत पतंजलि योगपीठ हरिद्वार द्वारा गिलोय वितरण का अभियान शुरू किया गया है. यह अभियान मसूरी से शुरू किया गया है। यहां करीब 5 सौ गिलोय के पौधे अलग-अलग इलाकों में बांटे गए। साथ ही लोगों को इसके फायदों से भी अवगत कराया।

पतंजलि जिला प्रभारी देहरादून आनंद रावत ने बताया कि 4 अगस्त को आचार्य बालकृष्ण का जन्मदिन है. इसके तहत 4 जुलाई से 4 अगस्त तक पूरे प्रदेश में गिलोय वितरण अभियान शुरू किया गया है. अभियान के तहत लाखों गिलोय के पौधे बांटे जाएंगे. उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव की पतंजलि योगपीठ ने जड़ी-बूटियों से तरह-तरह के रोगों का इलाज किया है। देश ही नहीं विदेशों में भी योग से लोगों का जड़ी-बूटियों से इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि गिलोय को अमृता कहा जाता है और यह 100 से ज्यादा बीमारियों को ठीक करती है। अमृता का जन्म देवताओं और राक्षसों के समुद्र मंथन के दौरान हुआ था। हालाँकि यह केवल गर्म स्थानों में ही होता है, अब गिलोय को पहाड़ी जिलों में उगाया जा सकता है जहाँ थोड़ी गर्म जगह होती है। उन्होंने बताया कि कोरोना से पीड़ित हजारों लोगों ने गिलोय का काढ़ा बनाकर पिया है और इस जानलेवा बीमारी से निजात पाई है.

इस कार्यक्रम में मसूरी प्रभारी राजश्री रावत भी मौजूद थीं. इस दौरान उन्होंने बताया कि पहले झड़ीपानी उसके बाद बार्लोगंज, मलिंगार, तिलक लाइब्रेरी, झूलाघर, कैमल्स बैक रोड और गजि बैंड समेत मसूरी झील के पास गिलोय का वितरण किया गया . उन्होंने बताया कि मसूरी क्षेत्र में 500 से अधिक गिलोय के पौधे बांटे जा चुके हैं.