देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
प्रदेश में निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजनाओं का निर्माण तेजी से किया जाएगा। साथ ही बरसात के मौसम को देखते हुए जलविद्युत घरों की मरम्मत का काम पूरा करना होगा। ऊर्जा सचिव राधिका झा ने इस संबंध में जलविद्युत निगम को निर्देश दिए हैं।
ऊर्जा सचिव राधिका झा ने बताया कि सभी बिजली घरों में बिजली पैदा करने का काम चल रहा है. बरसात के मौसम में पेश आने वाली दिक्कतों को देखते हुए निगम को सभी जलविद्युत गृहों में आवश्यक मरम्मत व अन्य कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राज्य की ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों को पूरा किया जा सके । व्यासी परियोजना के साथ ही अन्य लघु जलविद्युत परियोजनाओं का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने को कहा गया है.
उन्होंने कहा कि कालीगंगा-द्वितीय और सारिंगड-द्वितीय जलविद्युत परियोजनाओं को तेजी से शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल विद्युत निगम को सभी जलविद्युत संयंत्रों के अनुरक्षण कार्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है ताकि बिजली के वार्षिक उत्पादन लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। जलविद्युत संयंत्रों की सभी मशीनों से अधिकतम विद्युत उत्पादन पर विशेष बल दिया गया है।

