उत्तरकाशी , PAHAAD NEWS TEAM

जिले में 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. गंगोत्री हाईवे को सुबह दो जगह बंद कर दिया गया था लेकिन संबंधित विभाग ने एक जगह यातायात सुचारू कर दिया है. यमुनोत्री हाईवे पर कई जगहों पर पहाड़ी से मलबा आने का सिलसिला जारी है. साथ ही भारी बारिश के कारण ग्रामीण और शहरी इलाकों में नदियां और नाले उफान पर हैं. वहीं भागीरथी, यमुना और टौंस नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है.

डबरानी के पास पहाड़ी से बोल्डर आने के कारण गंगोत्री हाईवे अवरुद्ध हो गया था, जिसे संबंधित विभाग ने खोल दिया है. बिना बारिश के ही नासूर बना रतूड़ीसेरा का भूस्खलन बारिश में और भी खतरनाक हो गया है। यहां पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। हाईवे बंद होने से दोनों तरफ वाहन फंस गए हैं। यमुनोत्री हाईवे पर भी धरासू के पास लगातार पत्थर आने के कारण खतरा बना हुआ है.

पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश से नदियां और नाले भी उफान पर हैं. बड़कोट तहसील के राजगढ़ी रोड पर गडोली के पास नाला ओवरफ्लो होने से दोनों तरफ वाहन फंस गए. साथ ही रानाचट्टी में एक मकान भूधंसाव होने के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। लोगों ने भवन खाली कर दिया है।