कोटद्वार , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए वोटिंग की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, राज्य में चुनावी उत्साह बढ़ता जा रहा है. अब प्रत्याशी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के साथ-साथ एक-दूसरे पर निजी हमले करने लगे हैं। चुनाव जीतने के लिए नेता एक-दूसरे के चरित्र को जनता के सामने रख रहे हैं। ऐसा ही कुछ पौड़ी जिले की लैंसडाउन विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी दलीप रावत ने किया. बिना नाम लिए उन्होंने एक नेता के चरित्र पर सवाल उठाए हैं और गंभीर आरोप लगाए हैं.
लैंसडाउन निर्वाचन क्षेत्र में एक छोटी जनसभा को संबोधित करते हुए, भाजपा उम्मीदवार दलीप रातव ने एक नेता का नाम लिए बिना कहा कि उन्हें एक महिला का फोन आया था. दलीप रावत ने दावा किया है कि उन्होंने इस महिला की आवाज रिकॉर्ड करने के साथ फोन नंबर सेव कर रखा है। दलीप रावत के मुताबिक उस महिला ने उन्हें फोन पर बताया कि ”भैया, उनके दो बच्चे हैं. मैं उनके पिता की तलाश कर रही हूं. पहले में ढूंढते-ढूंढते रुद्रप्रयाग गई, फिर मैं पौड़ी आई. पिछली बार लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र भी आई थी । उसके बाद मैं कोटद्वार गई । अब उनके बच्चों के पिता लैंसडाउन में घूम रहे हैं, उन्हें ढूंढो उनके पिता कहां हैं।
उस नेता पर हमला बोलते हुए दलीप रावत यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा कि जब ऐसे नेता स्कूल जाते हैं और बच्चे के गले में मेडल डालते हैं तो बच्चा उन्हें अपना आदर्श मानता है. लेकिन सोचिए क्या बच्चा ऐसे नेता को अपना आदर्श मानेगा। वह बच्चा सोचेगा कि यह पदक नहीं मेरे गले में फांसी का फंदा डाल दिया है, जिससे मैं सम्मानित महसूस हो रहा हूं । नेता ने तो झूठ की पराकाष्ठा कर रखी है. वो कहते है कि पहले पर्यटक लैंसडाउन नहीं आते थे। लेकिन जब से उन्होंने लैंसडाउन में भूलाताल बनाया , तब से यहां पर्यटकों का आना शुरू हो गए है । अब जनता खुद ही बताए कि क्या उन्होंने गलती की?
बता दें कि पौड़ी जिले की लैंसडाउन विधानसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी दलीप रावत का सीधा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी अनुकृति गुसाईं रावत से है. अनुकृति गुसाईं रावत पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की बहू हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत को कुछ दिन पहले भाजपा ने सरकार और संगठन दोनों से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद वह अपनी बहू के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस ने हरक सिंह रावत को टिकट नहीं दिया, लेकिन लैंसडाउन विधानसभा सीट से उनकी बहू अनुकृति गुसाईं रावत को मैदान में उतारा है.

