हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

कुमाऊं Weather News Update : पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों से बारिश शुरू हो गई है। गुरुवार की बारिश के कारण पिथौरागढ़ जिले में कई सड़कें बंद हो गई हैं. हालांकि, अन्य हिस्सों में बारिश ने निराश किया। शुक्रवार को बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को कुमाऊं संभाग के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती हैं। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं पर गर्जन, आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बौछार पडऩे से लेकर भारी बारिश हो सकती है .

हल्द्वानी के तापमान में आई कमी

नैनीताल जिले में गुरुवार को बारिश नहीं हुई, लेकिन दक्षिण-पूर्व से आ रही ठंडी हवा ने तापमान में काफी गिरावट ला दी है. गुरुवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री व न्यूनतम 27.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। . नैनीताल का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 23.1 डिग्री और 15 डिग्री रहा.

बारिश ने बढ़ाई सीमांत क्षेत्र की मुश्किल

पिथौरागढ़ जिले के धारचूला व मुनस्यारी तहसील क्षेत्र में भारी बारिश के कारण टनकपुर-तवाघाट हाइवे पर चीन सीमा से लगे गांवों को जोड़ने वाला पुल बह गया है. जिसके चलते कूलागाड़ से लेकर चीन सीमा तक का क्षेत्र अलग-थलग पड़ चुका है. पांगला में पांच पैदल पुल बह गए। पैदल मार्ग, पेयजल लाइनों को भी क्षति पहुंची हैं। मलबे के कारण जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग भी बंद है।

दो दिन बाद फिर बंद हुआ जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग

पिछले दिनों हुई बारिश के बाद बंद हुए जौलजीबी-मुनस्यारी मोटर मार्ग को दो दिन पहले खोल दिया गया था. गुरुवार की बारिश के बाद फिर से रास्ता बंद हो गया है. बारिश से बंगापानी व मदकोट के बीच घिंघरानी के पास भारी मलबा आ गया। । गुरुवार की सुबह जब मुनस्यारी और मदकोट से वाहन जौलजीबी, पिथौरागढ़ के लिए घिंघरानी पर पहुंचे तो मार्ग बंद था । नतीजतन, अधिकांश वाहन वापस लौट गए।