हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

कुमाऊं में सुबह मौसम का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है. चंपावत में धूप खिली हुई है और नैनीताल जिले में काले बादल छाए हुए हैं. उधमसिंह शहर में बादलों का डेरा है।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ सकती है। मैदानी जिलों में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी होगी। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।

तय समय से पहले आए मानसून ने इस बार कुमाऊं को इस बार जमकर भिगोया है। जून के पहले सप्ताह से बारिश शुरू हो गई थी। यह 20 जून तक जारी रहा। इसके बाद मानसून कमजोर हुआ। शेष जून भी शुष्क रहने वाला है।

कुमाऊं के प्रमुख स्टेशनों का तापमान
स्टेशन अधिकतम न्यूनतम
हल्द्वानी 35.2 24.9
नैनीताल 25.0 16.7
मुक्तेश्वर 21.7 14.0
अल्मोड़ा 33.0 20.2
चम्पावत 27.0 16.5
पिथौरागढ़ 29.3 17.9

सड़क खराब होने से पर्यटकों की आमद घटी

टनकपुर चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग से जाने वाली श्यामलाताल-सूखीढांग सड़क बारिश के कारण बदहाल हो गई है. इससे जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल में शामिल श्यामलाताल जाने वाले पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के कारण इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। श्यामलाताल और विवेकानंद आश्रम आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी पिछले 10 दिनों से काफी कमी आई है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता शंकर दत्त जोशी, जोल ग्राम पंचायत की पूर्व प्रधान हेमा कनवाल, पूर्व प्रधान हरेंद्र सिंह, हरीश चंद्र जोशी, जगदीश चंद्र परगाई आदि ने बताया कि बारिश से पहले कई बार विभाग व प्रशासन से सड़क की मरम्मत करने की मांग की गई तो अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया ।