मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मसूरी गोलीकांड की 27वीं बरसी पर मसूरी शहीद स्थल पहुंचे. उन्होंने शहीद स्थल पर मसूरी में गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अमर शहीदों के कारण ही उत्तराखंड मिला  है ।  शहीदों के अनुरूप उत्तराखंड राज्य बनाने का काम किया जाएगा। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में नए उद्योग लगाए जाएंगे। वहीं जिन अधिकारियों का जो  काम है वह काम करना होगा। जो अधिकारी लापरवाही करेगा, उसकी जवाबदेही तय की जाएगी।

आंदोलनकारियों के परिवारों को पेंशन: उन्होंने कहा कि वह शहीदों और आंदोलनकारियों के सपने जानते हैं, क्योंकि वह खुद आंदोलनकारी हैं. ऐसे में आंदोलनकारियों को चिह्नित करने के लिए तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2021 कर दी गई है। आंदोलनकारियों के परिवारों को भी पेंशन का लाभ मिलेगा।

लोगों के विस्थापन के बाद शुरू हुआ प्रोजेक्ट: शिफन  कोर्ट मामले पर उन्होंने कहा कि शिफन  कोर्ट के बेघर लोगों का पुनर्वास किया जाएगा. वहीं शिफन  कोर्ट से बेघर लोगों के विस्थापन के बाद रोपवे परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा। सीएम धामी ने ऐलान किया कि आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाने पर विचार किया जाएगा. सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य के हित में लगातार काम कर रही है. उत्तराखंड का विकास राज्य की जनता के हिसाब से होगा।

अजय भट्ट ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि : वहीं केंद्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश के विकास के लिए लगातार काम कर रही है. पर्यटन के क्षेत्र में चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाओं के तहत कार्य किया जा रहा है। उत्तराखंड में पर्यटन की बहुत संभावनाएं हैं और उत्तराखंड अपने आप में एक पर्यटन राज्य है। ऐसे में उत्तराखंड में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने का काम किया जा रहा है.

पर्यटन के क्षेत्र में मसूरी में कई संभावनाएं हैं, जिसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने कई सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण किया था. सैनिक जिस तरह से सीमा की रक्षा कर रहे हैं, वह  अपने आप में साबित करता  है कि सैनिक अपनी जान की परवाह किए बिना देश की बहुत अच्छी तरह से रक्षा कर रहे हैं।

मसूरी गोलीकांड  : राज्य आंदोलन के इतिहास के पन्नों में 2 सितंबर 1994 का दिन बेहद खास है. यह वह दिन है जिसे याद करके आज भी लोगों का शरीर कांप उठता है। 1994 में पूरे राज्य में उत्तराखंड राज्य के लिए आंदोलन चल रहा था। खटीमा गोलीबारी के अगले ही दिन 2 सितंबर 1994 को मसूरी नरसंहार हुआ था। खटीमा घटना के विरोध में मसूरी में मौन जुलूस निकाल रहे राज्य आंदोलनकारियों पर पुलिस और पीएसी ने 6 लोगों की हत्या कर दी. ऐसे में फायरिंग के कारण शांत रहने वाले मसूरी की आबोहवा में बारूद की गंध फैल गई थी |