मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
वैज्ञानिक लगातार कोरोना की तीसरी लहर के लिए लोगों को आगाह कर रहे हैं, लेकिन लोग कोरोना को लेकर बेहद लापरवाह नजर आ रहे हैं. लोग न तो मास्क पहनने को लेकर गंभीर हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को लेकर। इसका उदाहरण इन दिनों उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों में देखने को मिल रहा है।
दरअसल, इन दिनों मॉनसून का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी और उसके आसपास के कैम्पटी फॉल्स पहुंच रहे हैं। जहां पर्यटकों के आने से व्यापारियों के चेहरे खिल गए हैं, वहीं, फॉल में नहाने के दौरान पर्यटक सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ा रहे हैं . इससे एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
सरकार द्वारा कोरोना कर्फ्यू में ढील दिए जाने के बाद से लोग लापरवाह हो गए हैं। हालांकि कैम्पटी थाना अध्यक्ष नवीन चंद्र ने फोन पर बताया कि पुलिस द्वारा लगातार मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा जा रहा है . थाना क्षेत्र में नियमित प्रभावी चेकिंग की जा रही है। कोविड-19 नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान भी काटा जा रहा है।
थाना अध्यक्ष नवीन चंद्र ने बताया कि मास्क नहीं पहनने वाले 2,085 लोगों के चालान काटे गए और उनसे 5,38,500 जुर्माना वसूला गया . वहीं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर 1,583 लोगों का चालान किया गया और 1,58,300 रुपये जुर्माना वसूला गया.

