मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

पहाड़ों की रानी मसूरी में नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया. नए साल के मौके पर मसूरी में सैलानियों का जमघट लगा रहा. शुक्रवार सुबह से ही पर्यटकों का मसूरी आना शुरू हो गया था। मसूरी माल रोड पर दिन भर पर्यटकों का नजारा देखने को मिला। लोगों की भारी भीड़ के कारण जाम की स्थिति भी पैदा हो गई. नए साल पर पर्यटकों ने उत्तराखंड लोकगीतों और डीजे की धुन पर जमकर ठुमके लगाए। हालांकि इस दौरान लोगों ने रात के कर्फ्यू का जमकर उल्लंघन किया। वहीं, कड़कड़ाती सर्दी के बीच देर रात तक युवक झूमते नजर आए।

आपको बता दें कि शनिवार दोपहर तक मसूरी के ज्यादातर होटल पर्यटकों से खचाखच भरे थे. वहीं पुलिस ने मसूरी में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पहले ही एक्शन प्लान तैयार कर लिया था, जिसके तहत पुलिस की ओर से ट्रैफिक सुचारू करने का काम किया गया. लेकिन शाम को मसूरी के मुख्य चौराहे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया. जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आरटी पीसीआर रिपोर्ट अनिवार्य होने से कई पर्यटक भी लौट गए।

मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि नए साल के स्वागत के लिए मसूरी इलाके में करीब 80 फीसदी होटलों की पहले से बुकिंग हो चुकी है. लेकिन कोरोना की नई गाइडलाइन के तहत नाइट कर्फ्यू और बोन फायर जैसे आयोजनों पर बंदिशें लगाने से पर्यटकों में भारी मायूसी देखी गई . उन्होंने कहा कि कोरोना के नियमों का पालन करना जरूरी है क्योंकि जान भी बचानी है. मसूरी में नए साल के जश्न पर उत्तराखंड के सांस्कृतिक नृत्य के साथ डीजे के गानों पर लोगों ने जमकर डांस किया.

एसडीएम मसूरी नरेश चंद्र दुर्गापाल ने बताया कि नए साल को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है. जबकि कोरोना के नियमों के साथ रात के कर्फ्यू का सख्ती से पालन कराया जा रहा है.