मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
पहाड़ों की रानी मसूरी में कांग्रेस को करारा झटका लगा है. आज दर्जनों युवा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। मसूरी में छावनी बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष बादल प्रकाश के नेतृत्व में दर्जनों युवा भाजपा में शामिल हुए। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा बताया.
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में एक बार फिर बीजेपी 60 प्लस के नारे के साथ जीत रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने के लिए मुंगेरीलाल का सपना देख रही है। इस बार कांग्रेस 10 का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाएगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा जारी किया गया घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है।
गणेश जोशी ने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का काम कर रही है. जोशी ने कहा कि प्रदेश की जनता बहुत समझदार है, 2022 में प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं।
छावनी बोर्ड के उपाध्यक्ष बादल प्रकाश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रीति नीति से प्रभावित होकर हर दिन सैकड़ों युवा और महिलाएं बुजुर्ग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। यही वजह है कि आज बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में एक बार फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीजेपी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है. मसूरी की जनता एक बार फिर भारी मतों से गणेश जोशी को जिताने जा रही है.

