नई टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM
भिलंगना प्रखंड घनसाली-अखोड़ी-धमातोली, मूलगढ़ मार्ग की सबसे लंबी एवं लगभग चालीस वर्ष पुरानी रिग रोड सड़क जर्जर अवस्था में है. इस सड़क पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक रहता है, लेकिन कई जगहों पर सड़क पर गड्ढे हो गए हैं, जहां से वाहन हिचकौले खाकर निकलते हैं. इतना ही नहीं यह रिग रोड कई जगह पर संकरी है, जो हादसों को न्यौता दे रही है। सड़क खराब होने के कारण लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में अधिक समय लग जाता है।
करीब 40 साल पुरानी घनसाली-अखोड़ी-धमातोली-मूलगढ़ रिग रोड 60 किलोमीटर तक बनी है। विभाग प्रखंड के सबसे बड़े रिग रोड की सुध नहीं ले रहा है. यह सड़क, अखोड़ी, धमातोली आदि जगह बहुत संकरी है, जिससे वाहन चालकों को यहां सावधानी से चलना पड़ता है। धमातोली, मैगाधार, सांकरी, कोटी आदि स्थानों पर सड़क पर गड्ढे हो गए हैं, जिससे कई बार वाहन गड्ढों पर अनियंत्रित हो जाते हैं। इतने साल पुरानी सड़क की भी हालत खस्ता है। पांच साल पहले सड़क पर बना डामर भी कई जगह उखड़ गया। मैगाधार, कोटी आदि स्थानों पर सड़क पर पानी के स्रोत हैं। पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे पानी सड़क पर बहता है और इस कारण सड़क बदहाल रहती है. कीर्तिनगर प्रखंड की गहड़-पल्यापाटी सड़क को वर्ष 2018-19 में स्वीकृत किया गया था. इसमें अभी 10 किमी सड़क निर्माणाधीन है, जिसे पीएमजीएसवाई द्वारा बनाया जा रहा है। आधी से ज्यादा सड़क बनकर तैयार हो चुकी है और इस पर छोटे वाहन भी चलते हैं। इस मार्ग पर अगस्त माह में 3 व 5 किमी पर बादल फटने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे इस पर यातायात भी एक माह से अधिक समय से ठप हो गया है. कीर्तिनगर प्रखंड के झिझणीसैड़- कोटी-जखेड़ मोटर मार्ग का भी यही हाल है. दस किलोमीटर सड़क का निर्माण वर्ष 2018 में किया गया था और पिछले मार्च में सड़क पर डामरीकरण का कार्य भी किया गया था लेकिन यह सड़क कई बार भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित होती है।

