टिहरी, PAHAAD NEWS TEAM
दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति राज्य सरकार गंभीर है. विस्थापन एवं पुनर्वास नीति के तहत राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास कार्यों में लगी हुई है. पुनर्वास योजना के तहत चालू वित्त वर्ष में बहुत तेजी से काम किया गया है. अब तक प्रदेश के 45 गांवों के 521 परिवारों का पुनर्वास किया जा चुका है. जिस पर सरकार की ओर से 21 करोड़ 27 लाख 36 हजार की राशि खर्च की गई है. इसके अलावा 42 अन्य आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया शासन स्तर पर जारी है।
उल्लेखनीय है कि आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य में दैवीय आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है. जिसके तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 के तहत प्रदेश भर के 45 गांवों के 521 परिवारों का पुनर्वास किया गया है. जिसके लिए सरकार की ओर से 21 करोड़ 27 लाख 36 हजार की राशि जारी की गई है. डॉ. रावत ने बताया कि पुनर्वास योजना के तहत पिथौरागढ़ जिले में 243 परिवारों का पुनर्वास किया गया, जिसके लिए सरकार ने 10 करोड़ 26 लाख 75 हजार की राशि जारी की.
इसके अलावा उत्तरकाशी जिले के 114 आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए 4 करोड़ 3 लाख 40 हजार की राशि जारी की गई है. रुद्रप्रयाग जिले में 76 परिवारों के पुनर्वास के लिए 3 करोड़ 24 लाख 35 हजार, टिहरी जिले में 37 परिवारों के लिए 1 करोड़ 57 लाख 31 हजार, बागेश्वर जिले में 13 परिवारों के पुनर्वास के लिए 55 लाख 25 हजार, अल्मोड़ा जिले में 8 परिवारों के लिए 32 लाख 80 हजार तथा चमोली जनपद के 30 परिवारों के पुनर्वास हेतु 1 करोड़ 27 लाख 50 हजार की राशि जारी की गई है. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2017-18 में आपदा प्रभावित 12 गांवों के 177 परिवारों का पुनर्वास किया गया है .
वर्ष 2018-19 में 6 गांवों के 151 परिवार, वित्तीय साल 2019-20 में 7 गांवों के 360 परिवार एवं वित्तीय साल 2020-21 में 13 गांवों के 258 आपदा प्रभावित परिवारों का पुनर्वास किया जा चुका है . जबकि चालू वित्त वर्ष में अब तक 45 गांवों के 521 आपदा प्रभावित परिवारों का पुनर्वास किया जा चुका है. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार जल्द ही राज्य भर के अन्य 10 आपदा प्रभावित गांवों के 42 परिवारों का पुनर्वास करेगी, उनकी सूची शासन स्तर पर तैयार कर ली गई है, पुनर्वास की कार्रवाई जारी है. जिसमें चमोली जिले के थराली प्रखंड के सूना कुल्याडी तोक के 3 परिवार, झलिया गांव के 2 परिवार, रुद्रप्रयाग जिले के 15 परिवार, उत्तरकाशी में एक परिवार और पिथौरागढ़ के 21 परिवार शामिल हैं.

