मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
पहाड़ों की रानी मसूरी पर्यटकों से गुलजार हो गया है. मसूरी के 90 फीसदी होटल खचाखच भरे हैं, जिससे मसूरी के कारोबारियों के साथ आम लोग भी खुश नजर आ रहे हैं. दूसरी ओर मसूरी में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण एक बार फिर मसूरी के मुख्य चौराहों पर जाम की समस्या उत्पन्न हो गई है.
शुक्रवार से लगातार तीन दिन की छुट्टी के कारण मसूरी में पर्यटकों की भारी आमद देखी जा रही है। पर्यटक मसूरी के सुहावने मौसम का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर मसूरी के मुख्य चौराहे पर जाम के कारण पर्यटकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मसूरी में बिगड़ती यातायात व्यवस्था के चलते स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं.
वहीं, मसूरी होटल एसोसिएशन के सचिव संजय अग्रवाल का कहना है कि मसूरी के 90 फीसदी होटल खचाखच भरे हैं और उन्होंने कहा कि मसूरी में पर्यटन व्यवसाय लगातार बढ़ रहा है, जो एक अच्छा संकेत है।

