बेरीनाग , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला. एक ओर थाना बेरीनाग, अर्धसैनिक बल, एसएसबी व तहसील प्रशासन ने राईआगर से चौकोडी तक फ्लैग मार्च निकाला और जनता से निर्भय होकर चुनाव में भाग लेने की अपील की. वहीं जसपुर में डीएम व एसएसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया.

विधानसभा चुनाव के शांतिपूर्ण संचालन कराने और आदर्श आचार संहिता के लिए थाना बेरीनाग पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, एसएसबी और तहसील प्रशासन ने बेरीनाग में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला. इस दौरान प्रशासन ने आम जनता से बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की. साथ ही उन्होंने कोविड महामारी को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग और सेनेटाइजर के इस्तेमाल की भी अपील की.

वहीं जसपुर में पुलिस कैप्टन बरिंद्रजीत सिंह व जिलाधिकारी युगल किशोर पंत के नेतृत्व में अर्धसैनिक बल व पुलिस बल द्वारा विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान एसएसबी की टुकड़ी भी शामिल रही। फ्लैग मार्च के माध्यम से मतदान प्रभावितों और विभिन्न अराजक तत्वों को संकेत दिया गया कि अगर कोई चुनाव में गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश करता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा.