देहरादून, पहाड़ न्यूज़ टीम

शुक्रवार को मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सचिवालय में बैठक करते हुए शासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलों से संबंधित जिलाधिकारियों द्वारा बताई जा रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए. मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों से प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न विभागों की समीक्षा की.

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, उद्यान, सहकारिता, पशुपालन सिंचाई, समाज कल्याण, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिलाधिकारियों से विभिन्न विभागों से संबंधित जो भी समस्या हो, उसे दूर किया जाये । इनके समाधान में समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। विभागीय सचिवों द्वारा इनकी नियमित रूप से समीक्षा की जानी चाहिए। विभागों द्वारा यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पात्र लोगों को सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। जिलाधिकारियों द्वारा जिलों से संबंधित जो भी समस्याएं बताई जा रही हैं, उनके समय पर निस्तारण के लिए एक कलैण्डर तैयार किया जाए।

बैठक में सचिव राधिका झा, सौजन्या, अरविन्द सिंह ह्यांकी, बी.वी.आर.सी पुरूषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, एच.सी सेमवाल, विनोद कुमार सुमन आदि मौजूद थे.