लक्सर , पहाड़ न्यूज टीम

हरिद्वार के लक्सर में नगर पालिका द्वारा खरीदी गई एंबुलेंस एक साल से लापता थी . सभासदों ने इसका विरोध किया तो एंबुलेंस लक्सर लाई गई। खास बात यह है कि एक साल बीत जाने के बाद भी एंबुलेंस का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया है. जिस पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

दरअसल, लक्सर नगर पालिका के सभासद विकास खटाना, रीतेंद्र तिवारी व नीतू रानी ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि लक्सर नगर पालिका प्रशासन ने जून 2021 में एक एम्बुलेंस खरीदी थी, लेकिन एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी एम्बुलेंस का कहीं कुछ अता पता नहीं है । अब एक साल पहले खरीदी गई एंबुलेंस इतने दिनों कहां रही? इसका किसी के पास कोई जवाब नहीं है।

सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा एक साल पहले खरीदी गई एंबुलेंस का लाभ स्थानीय जनता को नहीं मिल पा रहा है. अगर एंबुलेंस एक साल पहले खरीदी गई थी, तो उसे इतने लंबे समय तक छिपाकर क्यों रखा गया? जनता की सुविधा के लिए एंबुलेंस की खरीद पर खर्च किया गया पैसा, इसका लाभ जनता को क्यों नहीं दिया गया?

दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग : सभासदों का कहना है कि खरीद के एक साल बाद भी एंबुलेंस का रजिस्ट्रेशन क्यों नहीं हो सका? आखिर क्या है इन सबके पीछे? ऐसे कई सवाल हैं। सभासदों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.